कार्तिक टी-20 विश्व कप में फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं: गावस्कर
- By डेस्क --
- 19 April 2022 --
मुंबई, एजेंसी : आइपीएल के मौजूदा सत्र में शानदार लय में चल रहे दिनेश कार्तिक की बल्लेबाजी से प्रभावित होकर पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर ने कहा कि यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज आगामी टी-20 विश्व कप भारतीय टीम के लिए फिनिशर की भूमिका निभा सकते हैं।
कार्तिक मौजूदा सत्र में अपनी नई टीम रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए बेखौफ होकर रन बना रहे हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स के इस पूर्व कप्तान ने इस सत्र में 32, 14, 44, 7, 34 और 66 रन की पारियां खेली हैं जिस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 209.57 और औसत 197 का रहा है।
गावस्कर ने कहा, 'उन्होंने कहा कि वह टी-20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि आप उनकी उम्र को मत देखो, बस यह देखो कि वह किस तरह की पारियां खेल रहे हैं।Ó
कार्तिक ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 34 गेंदों में नाबाद 66 रन की पारी खेलकर मैच का रुख मोड़ दिया था। उन्होंने इस दौरान अनुभवी मुस्तफिजुर रहमान और भारत के युवा तेज गेंदबाज खलील अहमद के खिलाफ आसानी से रन बनाए। इस मैच में टीम ने मुश्किल परिस्थितियों से उबर कर पांच विकेट पर 189 रन बनाने के बाद 16 रन से जीत दर्ज की और कार्तिक मैन आफ द मैच बने।
गावस्कर ने कहा, 'उन्होंने अपने प्रदर्शन से मैच का रुख मोड़ दिया था। वह वैसा ही काम कर रहे हैं जैसा कि छठे या सातवें क्रम के बल्लेबाज से टी-20 विश्व कप (अक्टूबर-नवंबर 2022) में उम्मीद की जाएगी।Ó
कार्तिक ने भारत के लिए 26 टेस्ट, 94 वनडे और 32 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इस 36 साल के खिलाड़ी ने भारत के लिए अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मैच 2019 वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था।
---------