नवरात्रों में 609 पुलिसकर्मी ने संभाली कालकाजी मंदिर में लाखों भक्तों की भीड़ : कालकाजी एसीपी
- By डेस्क --
- 30 March 2023 --
योगेश शर्मा, दक्षिणी दिल्ली: हिंदुओं के त्योहारों में से एक नवरात्रों में हर कोई मां दुर्गा को प्रसन्न करने या उनकी भक्ति में डूबा था। इस बीच, कालका जी मंदिर में भी भक्त मां कालका के दर्शन करने के लिए प्रतिदिन आते हैं। यह संख्या आम दिनों में तो हजारों में होती है, लेकिन शनिवार और रविवार को यह भीड़ लाखों में आ जाती है। शनिवार और रविवार को छुट्टी का दिन होता है और साथ में वो लोग भी आते हैं जो प्रतिदिन अपनी हाजिरी माई के चरणों में लगाते हैं। ऐसे में नवरात्र के दौरान पुलिसकर्मियों के सामने इस भीड़ को नियंत्रण करने की कड़ी चुनौती थी। इस भीड़ को संभालने के लिए 609 पुलिसकर्मी तैनात थे। कालका जी मंदिर में उस तरह के भक्त भी आते हैं जो मां के दर्शन करने के लिए हर नियम को तोड़ देते हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस इन चुनौतियों से पार पाते हुए एक कदम आगे रही। इस दौरान दक्षिण दिल्ली के डीसीपी राजेश, कालका जी मंदिर के एसीपी और एसएचओ सुरक्षा का जायजा लेते रहते थे। डीसीपी राजेश के मार्गदर्शन में ही एसीपी और एसएचओ समय—समय पर औचक निरीक्षण भी करते थे। एसीपी ने बताया कि 609 पुलिसकर्मी दिन रात्र मंदिर और भक्तों की सुरक्षा में तैनात थे। इन 609 पुलिसकर्मियों में कालकाजी और अन्य थानों की टीम, बिटालियन की टीम, होम गार्ड आदि सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। हमारी कोशिश थी कि भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो। बड़ी संख्या में यहां भक्त दर्शन करने के लिए आते थे, लेकिन हमारी टीम हर हालात के लिए तैयार रहती थी। मंदिर के बाहर इस बार बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी ताकि बाहर मौजूद भक्तों को अच्छे से दर्शन हो सकें। इसके अलावा जगह—जगह पर जेबकतरों से सावधान रहने के ऐलान होते रहते थे और किसी को कोई समस्या होती तो लोग अपनी समस्या चौकी में आकर दर्ज करा देते थे।