निगम कर्मचारियों की जिंदगी से खेल रही है बीजेपी : मनोज
- By डेस्क --
- 11 May 2021 --
विशेष संवाददाता, नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली नगर निगम के नेता विपक्ष मनोज कुमार त्यागी ने मंगलवार को सत्ताधारी बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस पार्टी ने नगर निगम के कर्मचारियों को मौत के मुंह धकेल दिया है। कर्मचारी कोरोना के समय में बिना सुरक्षा उपकरणों के अपनी ड्यूटी अच्छे से निभा रहे हैं लेकिन बीजेपी ने उन्हें सुरक्षा उपकरण जैसे मास्क, सैनेटाइज बोतल, गलव्स, फेसशील्ड आदि चीजें नहीं दी हैं और उनकी जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। मनोज ने सोमवार को सीमापुरी एवं गाजीपुर श्मशान घाट का दौरा किया।
इस अवसर पर नेता विपक्ष ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा दिए जा रहे सुविधाओं के बारे में पूछा तो कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि मुझे पहले दिन जब ड्यूटी पर लगाया गया था उस समय से लेकर आज तक कोरोना से बचाव हेतु कोई उपकरण नहीं दिए गए हैं एवं नेता विपक्ष ने श्मशान घाट का भी जायजा लिया।
मनोज त्यागी ने आगे कहा कि शमशान घाट पर कार्य करने वाले कर्मचारी फ्रंटलाइन वर्कर्स की श्रेणी में आते हैं। इस कारण जो कर्मचारी श्मशान घाट पर अपनी ड्यूटी दे रहे हैं, उन्हें कोरोना से बचाव हेतु सारे उपकरण मुहैया कराना चाहिए था लेकिन भाजपा शासित पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने ऐसा नहीं किया, जो एक प्रकार से उनके जान को जोखिम में डालने का काम किया गया है। इस महामारी के दौरान भाजपा के सभी नेता चाहे हुए वे महापौर हों या अध्यक्ष स्थाई समिति या नेता सदन या भाजपा के बड़े नेता, अपने घरों में बहाने बनाकर बैठे हुए हैं ना तो वे शमशान घाट और न ही कब्रिस्तान का दौरा कर रहे हैं और न ही वे कर्मचारियों की सुविधाओं के बारे में पूछ रहे हैं जो पूर्वी निगम की बदहाली को दर्शाता है। नेता विपक्ष ने मांग की है कि जिस प्रकार फ्रंटलाइन वर्कर्स को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन लगाई गई थी इसी प्रकार उनके परिवार वालों को भी जल्दी से जल्दी कोरोना वैक्सीन लगानी चाहिए ताकि कोरोना महामारी से इनका परिवार सुरक्षित रह सके। दौरे के मौके पर नेता विपक्ष ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को कोरोना से बचाव उपकरण जैसे फेस शिल्ड, ग्लव्स, मास्क, हैंड सेनीटाइजर आदि का वितरण किया। नेता विपक्ष ने कुछ कर्मचारियों को अपने हाथों से फेस शिल्ड एवं मास्क लगाया। इस अवसर पर नेता विपक्ष ने कर्मचारियों को कोरोना से अपने-आप को बचाने की सीख भी दी। नेता विपक्ष ने कहा कि कोरोना महामारी अपने चरमसीमा पर है और ऐसे विषम परिस्थितियों में भी अपनी ड्यूटी का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ कर रहे कर्मचारियों की प्रशंसा की।
.................